♥️देवघर:– देवघर शहर में प्रेम और सामाजिक सद्भाव की एक खूबसूरत मिसाल सामने आई है। यहाँ के जाने-माने बैडमिंटन कोच यश गुप्ता ने अपनी प्रेमिका दीप्ति सिंह के साथ मंदिर अंतर्जातीय विवाह कर लिया है। यह विवाह हरिलाजोड़ी मंदिर में विधिवत संपन्न हुआ, जिसने प्रेम के आगे जातिगत बंधनों की बेड़ियों को तोड़ दिया है।
👩❤️👨 प्रेम परवान चढ़ा, फिर लिया साहसिक फैसला :– मिली जानकारी के अनुसार, यश गुप्ता और दीप्ति सिंह के बीच पहले गहरा प्रेम हुआ। प्यार के इस इकरार के बाद दोनों ने समाज , जाति और परंपराओं की परवाह न करते हुए, जीवन भर साथ निभाने का साहसिक फैसला लिया। दोनों ने नए सफर की तैयारी की और आज 05 दिसंबर को हरिलाजोड़ी मंदिर में विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए।
मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ विवाह :–देवघर के स्थानीय प्रसिद्ध हरिलाजोड़ी मंदिर में पंडितों ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ दोनों का विवाह संपन्न करवाया। यह विवाह पूरी तरह से दोनों की मर्जी से हुआ है।
इस संबंध में यश गुप्ता ने मीडिया को बताया कि उनकी जीवनसाथी दीप्ति सिंह बालिग हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है। किसी भी प्रकार की कानूनी अड़चन से बचने के लिए उन्होंने इस विवाह की लिखित जानकारी नगर थाना पुलिस को भी दे दी है।
समाज को दिया प्रगति और एकता का पैगाम :–यश कुमार गुप्ता जाति के बरनवाल है वहीं दीप्ति सिंह राजपूत परिवार से है। दोनों ने अंतर्जातीय विवाह कर न केवल अपने प्रेम को मुकाम दिया है, बल्कि रूढ़िवादी सोच रखने वाले समाज को एक नया और प्रगतिशील संदेश भी दिया है। उनकी यह जोड़ी साबित करती है कि प्रेम की भावना जाति-धर्म के सारे दायरों से ऊपर होती है। यश और दीप्ति की इस पहल को क्षेत्र में एकता और सामाजिक सौहार्द की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
