पटना NEET छात्रा मौत मामला: FSL रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के संकेत, अंडरगारमेंट से मिले शुक्राणु के अवशेष, SIT जांच तेज।
पटना ब्रेकिंग न्यूज :– जिला की चित्रगुप्तनगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की बायोलॉजिकल रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद पूरे मामले में हड़कंप मच गया है। इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए पहले से गठित विशेष जांच दल (SIT) अब और सख्ती से कार्रवाई में जुट गया है।
FSL रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: –FSL की रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा के परिजनों द्वारा 10 जनवरी 2026 को पुलिस को सौंपे गए कपड़ों की जांच में अहम साक्ष्य मिले हैं। घटना के समय पहने गए अंडरगारमेंट से मानव शुक्राणु के अवशेष बरामद हुए हैं, जो यौन शोषण की आशंका को मजबूत करते हैं। रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है और अब डीएनए प्रोफाइल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीएनए मिलान से सामने आएगी सच्चाई:
एफएसएल सूत्रों के मुताबिक, डीएनए प्रोफाइल तैयार होने के बाद इसे गिरफ्तार अभियुक्तों और SIT द्वारा चिन्हित अन्य संदिग्धों के डीएनए सैंपलों से मिलान किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों की पहचान सुनिश्चित हो सकेगी।
SIT ने 45–50 लोगों से की पूछताछ:–मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस द्वारा गठित SIT ने अब तक 45 से 50 लोगों से पूछताछ की है। इनमें हॉस्टल स्टाफ, आसपास के लोग और अन्य संबंधित व्यक्ति शामिल हैं। जांच एजेंसी हर संभावित पहलू से मामले की गहन छानबीन कर रही है। हालांकि, AIIMS की अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आना बाकी है, जिसका सभी को इंतजार है।
पुलिसिया लापरवाही पर कार्रवाई, दो थानाध्यक्ष निलंबित:–जांच के दौरान पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। कदमकुआं के अपर थानाध्यक्ष हेमंत झा और चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष रोशनी कुमारी पर समय पर सूचना संकलन और कार्रवाई में चूक के आरोप लगे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
फिलहाल, SIT की जांच लगातार जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले से जुड़ी पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।
