रामगढ़ – रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर रजरप्पा मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स दुकान में हथियार के बल पर करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण और नगदी की डकैती कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पांच-छह अपराधी बाइक से पहुंचे और पहले दो दुकानों में रेकी करने के बाद शिव शंकर ज्वेलर्स को निशाना बनाया। ग्राहक बनकर पहुंचे अपराधियों ने दुकानदार विष्णु वर्मा पर पिस्टल तान दी और सोने-चांदी के आभूषण समेत नगदी लूट ली।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो अपराधियों को पकड़ लिया गया, जबकि तीन-चार अपराधी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए अपराधियों के पास से पिस्टल, मोबाइल और बाइक बरामद की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अपराधियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा गया। मामले की जांच में जुटे पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि जल्द ही फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान की बरामदगी की जाएगी।
