दिल्ली राजधानी :–झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में यह सम्मान उनकी पत्नी रूपी सोरेन को प्रदान किया।
शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलन के प्रमुख शिल्पकार और आदिवासी अधिकारों के प्रखर योद्धा के रूप में जाना जाता है। उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान को सम्मानित करते हुए भारत सरकार ने देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से अलंकृत किया है।
इस मौके पर राष्ट्रपति भवन में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी। यह सम्मान न केवल शिबू सोरेन के संघर्ष और योगदान का सम्मान है, बल्कि झारखंड की जनता और आदिवासी समाज के लिए भी गौरव का क्षण माना जा रहा है।
