सहरसा :– जिले के सिमरी बख्तियारपुर मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान गली में गुरुवार अहले सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अगलगी की इस घटना में मु. आतिफ की सिलाई मशीन की दुकान और चंचल देवी की कपड़ा दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में करीब 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब तीन बजे गश्त कर रहे चौकीदारों ने दुकानों से धुआं निकलता देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों दुकानें उसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं सूचना पर बख्तियारपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed