सहरसा :– शिवकुमार (संवाददाता) अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, सहरसा शाखा के तत्वावधान में रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित रॉयल गार्डन में तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन दिव्यांगजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन कुल 150 जरूरतमंद दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया और सभी लाभार्थियों का आवश्यक माप लिया गया।
मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने बताया कि मंच केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना का प्रतीक है। ‘सेवा परमो धर्मः’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए मंच रक्तदान, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और दिव्यांग सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सामाजिक कार्य कर रहा है।
इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग करना है। शिविर के दौरान चयनित लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ-पैर, ट्राईसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न आवश्यक सहायक उपकरण पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
पहले दिन पंजीकरण के साथ लाभार्थियों के माप लेने की प्रक्रिया पूरी की गई। आयोजकों के अनुसार चयनित सभी लाभार्थियों को 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित समापन-सह-वितरण समारोह में उपकरण प्रदान किए जाएंगे। समारोह में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त की गरिमामयी उपस्थिति में लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाने की योजना है।शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की राह खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच सहरसा शाखा के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शाखा अध्यक्ष आदित्य मित्तल के नेतृत्व में सुमित केजरीवाल, नितेश अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, बिक्रम अग्रवाल, दीक्षित खेतान, राहुल सलामपुरिया, रवि शर्मा, प्रीतम उदयपुरिया, नितेश डहलान, आयुष भीमसेरिया, आशीष अग्रवाल, शोभम अग्रवाल, नीरज पारसपुरिया सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
