दुमका:–आगस्टिन हेम्ब्ररम (संवाददाता) झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव झाड़ियों से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

स्कूल से लौटने के बाद गाय खोलने गई थी छात्रा:–परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। घर पर खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह गाय खोलने के लिए खेत और मैदानी इलाके की ओर गई थी। कुछ समय बाद गाय अकेले घर लौट आई, लेकिन छात्रा वापस नहीं पहुंची। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।

ग्रामीणों के साथ तलाश के दौरान झाड़ियों में मिला शव :–छात्रा का पता नहीं चलने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान गांव के पास झाड़ियों में छात्रा का शव बरामद हुआ।

शव मिलने की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया।

देर रात घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी, जांच में जुटी पुलिस:–घटना की सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। रातभर पुलिस की छानबीन जारी रही। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह:–छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उसके साथ किसी तरह का अपराध किया गया था, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आधिकारिक पुलिस बयान की प्रतीक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *