देवघर: –जिला कांग्रेस कमिटी ने आज “वोट चोर, गद्दी छोड़” राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देवघर शहर में कैंडल मार्च का आयोजन किया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश के नेतृत्व में निकाले गए,कैंडल मार्च में पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह रैली टॉवर चौक से शुरू होकर महात्मा गांधी प्रतिमा चौक तक गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन लोकतंत्र को बचाने और जनता के वोट की रक्षा के लिए किया जा रहा है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश ने कहा :– “आपने देखा कि मोदी सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग ने किस प्रकार लोकसभा चुनाव में वोट की चोरी की। इसका उदाहरण कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साबित करके दिखाया। हाल ही में बिहार में 65 लाख वोट को वोटर लिस्ट से डिलीट कर दिया गया है। आज़ादी के बाद हमारे संविधान ने हमें एक वोट देने का अधिकार दिया है, और आज वही अधिकार चोरी हो रहा है। इसी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।”

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह 20 सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय ने कहा :–”आज लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा सरकार और उसके एजेंट के रूप में कार्य करने वाले चुनाव आयोग का पर्दाफाश हो चुका है। आपने देखा किस प्रकार जीवित लोगों को मृत बताकर उनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यह सच्चाई सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के सामने लाने का काम किया है। इसी प्रकार भाजपा ने, चुनाव आयोग की मिलीभगत से, लोकसभा चुनाव में वोट चोरी कर भाजपा को जिताने का काम किया है।”

इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष गुलाब यादव, मीडिया प्रवक्ता दिनेश मंडल, बृजभूषण राम, विवेक मिश्रा, रवि वर्मा सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *