देवघर :– भारत देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्य समारोह स्थल के.के.एन. स्टेडियम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने ध्वजारोहण कर तिरंगा का सलामी दी।इस दौरान उन्होंने जिलावासियों, जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता सेनानियों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को मिली आज़ादी हमारे महापुरुषों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने जिले में बीते वर्षों में हुई विकास उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जन कल्याणकारी योजनाओं—जन वितरण प्रणाली, शिक्षा का अधिकार, मनरेगा, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, कृषि, पशुपालन, आधारभूत संरचनाओं—के सफल क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।

उपायुक्त ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विशेष पहचान रखती है। राजकीय श्रावणी मेला 2025 में लगभग 55 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया, जिसके लिए AI व मानव संसाधन से सतत निगरानी और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर उन्होंने जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति के लिए व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शांति और एकता के माहौल में देवघर को विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संयुक्त प्रयास जरूरी है।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया गया सम्मानित :–कार्यक्रम में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, DIG सह SP अजित पीटर डुंगडुंग, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही जिले के उत्कृष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *