देवघर:– झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस)और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में चल रहे एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। शनिवार को की गई इस छापेमारी में पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को अवैध आग्नेयास्त्रों और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वे न केवल हथियारों की सप्लाई करते थे, बल्कि पैसे लेकर हत्या (सुपारी किलिंग) जैसे जघन्य अपराधों को भी अंजाम देते थे।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई:–पुलिस के अनुसार, एटीएस रांची को सूचना मिली थी कि देवघर निवासी अजीत कुमार पांडेय अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की तस्करी कर रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस और एटीएस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर अजीत कुमार पांडेय को नंदीनगर, नंदन पहाड़ देवघर, पंकज कुमार सिंह कृष्णापुरी, देवघर और सोनू कुमार सिंह दौलतपुर, बिहार से धर दबोचा।

विदेशी मार्का पिस्टल बरामद :–तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से घातक हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनके पास से: –एक मेड इन अमेरिका 99′ मार्का देसी पिस्टल ,07 पीस जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), एक देसी कट्टा, 03 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मुंगेर से जुड़े हैं तार:–पूछताछ में एक अन्य सहयोगी परवेज निवासी-मुंगेर, बिहार की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस अब परवेज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ नगर थाना में कांड संख्या 170/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और बी.एन.एस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से स्थानीय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *