सहरसा:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सहरसा में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित नयन ज्योति नेत्र चिकित्सा केंद्र में आयोजित इस शिविर में 50 मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।शिविर का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री दिवाकर सिंह और सहरसा नगर निगम की महापौर बैन प्रिया संजीव झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान अतिथियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।

शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. शिलेंद्र कुमार ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामाजिक दायित्व है। कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण बेहतर नेत्र चिकित्सा से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविर जारी रखने की बात कही।

शिविर में 50 मरीजों को निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा मिलने पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की। आयोजकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *