सहरसा :– शिव कुमार ( संवाददाता) कोशी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक सप्ताह में 1486.385 लीटर अवैध शराब, 508.85 किलोग्राम गांजा और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने कुल 106 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान 34.67 ग्राम स्मैक, 3.625 लीटर अवैध कफ सिरप और 250 एमएल नशीला इंजेक्शन भी बरामद किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 12 मोटरसाइकिल और दो चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, एक गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर, तीन तसला, एक बाल्टी और 570 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

एक सप्ताह में 106 आरोपित गिरफ्तार:– पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अवैध शराब के मामलों में 91 और सूखा नशा से जुड़े मामलों में 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।

फरवरी से अब तक 2238 तस्कर गिरफ्तार:– ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत फरवरी 2026 से अब तक कोशी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में कुल 72,705.84 लीटर अवैध शराब, 4,317.195 लीटर अवैध कफ सिरप, 6,977.055 किलोग्राम गांजा, 8,096.892 ग्राम स्मैक और 12,984 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है। इसके अलावा 325 नशीली टैबलेट, हथियार, कारतूस समेत अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए हैं। अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 2,238 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील :– कोशी क्षेत्र के डीआईजी कार्यालय की ओर से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है। पुलिस ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी दी जा सकती है।

सूचना देने वाले व्यक्ति नशा कारोबारी का नाम-पता, कारोबार का स्थान और उपलब्ध होने पर फोटो या वीडियो भी साझा कर सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। साथ ही, विशेष उपलब्धि वाली सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें आम लोगों की सहभागिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *