देवघर: – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देवघर के सत्संग हॉल्ट के समीप फ्लाईओवर के नीचे वरिष्ठ नागरिक क्लब, देवघर की ओर से जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने दोनों महापुरुषों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति और सद्भाव के सिद्धांतों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी और पूरी दुनिया को मानवता एवं शांति का संदेश दिया।

साथ ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शास्त्रीजी का जीवन त्याग, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के सैनिकों और किसानों के महत्व को दर्शाता है।

इस मौके पर वक्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।साथ ही वर्तमान समय में सामाजिक सद्भाव, नैतिक मूल्यों, ईमानदारी और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए उनके विचारों का अनुसरण करने पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ नागरिकों ने दोनों महापुरुषों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।साथ ही समाज में शांति,भाईचारा, स्वच्छता, सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक क्लब के संयोजक अशोक कुमार सिंह, पूर्व आईएएस सह सामाजिक कार्यकर्ता के.के. दास ,विट्ठल भाई पटेल, अनिल पांडे, रामाशंकर सिंह, पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता, घनश्याम राय, शंभू प्रसाद सिंह, जगदीश यादव, राधिका रमण, राम चरण यादव, हराधर मंडल, नीलाम्बर मिश्रा, संत लाल साह, लख्खी कांत मांझी, अधिवक्ता मनोज मिश्रा, बिनोद कुमार बरनवाल, श्याम किशोर चौधरी, कुमार संजीव सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *