देवघर :– भारतीय जनता पार्टी, देवघर जिला इकाई की ओर से 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की स्मृति में जिला कार्यालय में ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अभयकांत प्रसाद रहे। इस अवसर पर आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले देवघर के सेनानी गौरी शंकर शर्मा, धनंजय चौधरी, ललित राय एवं विपिन देव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अभयकांत प्रसाद ने कहा कि 25 जून 1975 की रात भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय थी। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जेल भेजा गया तथा पूरे देश में भय का माहौल बना दिया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने आपातकाल सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष के कारण देश में दोबारा लोकतंत्र की बहाली संभव हो सकी। वहीं, आपातकाल सेनानियों ने भी उस दौर के अपने अनुभव साझा करते हुए तत्कालीन परिस्थितियों का उल्लेख किया।

पूर्व विधायक नारायण दास ने भी अपने संबोधन में आपातकाल को लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चुनौती बताते हुए अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अभयानंद झा ने किया।

इस अवसर पर रीता चौरसिया, सुनीता सिंह, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, मनोज मिश्रा, अलका सोनी, सचिन सुल्तानिया, नवल राय, धनंजय तिवारी सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed