देवघर: NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को देवघर में यूथ कांग्रेस द्वारा विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जिला अध्यक्ष आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित इस जुलूस में झारखंड यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव सहित सैकड़ों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। मशाल जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू होकर टॉवर चौक तक निकाला गया।
केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
’22 लाख छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़’
मशाल जुलूस के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 22 लाख छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है तथा भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
कुमार गौरव ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है, तो भारतीय युवा कांग्रेस संसद से लेकर सड़क तक अपना आंदोलन जारी रखेगी।
देशभर में आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में देश के प्रत्येक जिले और प्रखंड स्तर पर मशाल जुलूस और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
राहुल गांधी का किया बचाव
राहुल गांधी के कोटा दौरे पर भाजपा द्वारा की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार गौरव ने कहा कि राहुल गांधी ने वहां राजनीति नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और उनकी समस्याओं की बात की। उन्होंने दावा किया कि छात्र स्वयं अपनी समस्याएं लेकर उनके सामने आए और अपनी आवाज उठाई।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अवधेश प्रजापति, देवघर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र दास, उपाध्यक्ष दिनेशानंद झा, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रवि वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश, दिनेश मंडल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
