देवघर: – देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में सरकंडा जंगल से डकैती की योजना बना रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके चार साथी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल द्वारा की गई। मामले की जानकारी देते हुए देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात कुंडा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाँदडीह स्थित सरकंडा जंगल के पास कुछ अपराधी हथियारों के साथ जमा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चाँदडीह बसमता क्षेत्र में डकैती की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे। उन्होंने यह भी कबूल किया कि वे पहले भी डकैती, लूट और राहजनी जैसी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में एक का नाम अविनाश साह (22 वर्ष), पिता – भागीरथ साह, निवासी – चाँदडीह बसमता, थाना – कुंडा, जिला – देवघर है वही दूसरे का नाम अमर पासवान (26 वर्ष), पिता – कुलदेव पासवान, निवासी – कुरुमटांड़, थाना – सरैयाहाट, जिला – दुमका।

देवघर पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा , दो जिंदा कारतूस (8 एमएम KF अंकित), 02 मोबाइल फोन और 03 मोटरसाइकिल जब्त किया है।

पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार चार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed