राँची: ·– झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के व्यापक पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभियान की शुरुआत के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष कुमार गंगवार ने स्वयं गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर जमा किया। इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और मतदाता सूची का सही होना निष्पक्ष चुनाव की पहली शर्त है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यभर में 30 जून से 3 अगस्त तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और उन्हें भरने में आवश्यक सहयोग भी दे रहे हैं। अभियान पूरा होने के बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

गणना प्रपत्र भरते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान:–मतदाताओं को गणना प्रपत्र पूरी सावधानी और सही जानकारी के साथ भरना चाहिए। नाम, पता, जन्मतिथि, आयु, परिवार का विवरण और मोबाइल नंबर जैसी सभी जानकारियां स्पष्ट एवं सही दर्ज करें। जहां आवश्यक हो, वहां पहचान और निवास से संबंधित दस्तावेजों की प्रति भी संलग्न करें। गलत या अधूरी जानकारी देने से सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और मतदाता सूची में नाम से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

अगर BLO घर पर नहीं मिलें तो क्या करें ? यदि किसी कारणवश बूथ लेवल अधिकारी के आने के समय मतदाता घर पर मौजूद नहीं रहते हैं, तो वे बाद में भी अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित BLO को जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के Voters’ Service Portal के माध्यम से भी ऑनलाइन प्रपत्र भरने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

क्या है SIR अभियान का उद्देश्य? विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जाएगा तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र भरकर अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि आगामी चुनावों के लिए एक शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed