धनबाद:– धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन के कमरा संख्या 103 और 108 में छापेमारी कर पुलिस ने 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद सहित साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई अहम उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के आशीष कुमार, मिथिलेश ठाकुर, मो. आबिद आलम, आशुतोष कुमार आनंद और मनंजर शेर आलम शामिल हैं। इसके अलावा धनबाद के रोहित दॉ और महफुज आलम, ओडिशा के चन्द्रकांत परिदा तथा झारखंड के गोड्डा निवासी मो. गुफरान आलम को भी गिरफ्तार किया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, दो चेकबुक, एक पासबुक तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नेटवर्क को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। आरोपियों द्वारा अलग-अलग लोगों के नाम पर खुलवाए गए बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
