धनबाद :–धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान पर बड़ा एक्शन हुआ है। निरसा विधायक अरूप चटर्जी को धमकी के बाद प्रशासन का बुलडोजर, आलीशान मकान पर धनबाद: झारखंड के धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर बुलडोजर चलाया। रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध के जरिए कोयलांचल में दहशत फैलाने वाले प्रिंस खान के कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की विधिक प्रक्रिया भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
विधायक को मिली रंगदारी की धमकी :–सूत्रों के अनुसार, बीती रात निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित तौर पर गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से रंगदारी की मांग करते हुए धमकी दी गई। आरोप है कि विधायक से भारी रकम की मांग की गई और भुगतान के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई। साथ ही समय सीमा के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। प्रिंस खान ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाटसअप कॉल के जरिए ओर मैसेज के जरिए दिया था धमकी।धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती मानते हुए अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया।
भारी सुरक्षा के बीच चला ध्वस्तीकरण अभियान:–बुलडोजर कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान आम लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित रखी।
प्रशासन ने क्या कहा? :– मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया और सक्षम प्राधिकार के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी किया जाना अभी बाकी है। उम्मीद है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद प्रेस वार्ता के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी साझा की जाएगी।
कौन है गैंगस्टर प्रिंस खान ?
धनबाद के वासेपुर इलाके से जुड़े प्रिंस खान का नाम पिछले कुछ वर्षों में रंगदारी, फायरिंग और संगीन अपराध के कई मामलों में सामने आया है। वह कभी वासेपुर के चर्चित गैंगस्टर फहीम खान का करीबी माना जाता था और रिश्ते में उसका भांजा बताया जाता है। बाद में दोनों के बीच मतभेद होने के बाद प्रिंस खान ने अपना अलग आपराधिक गिरोह खड़ा कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रिंस खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत छोड़कर विदेश भाग चुका है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह खाड़ी देशों से इंटरनेट कॉलिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने नेटवर्क का संचालन करते हुए कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों और अन्य लोगों से रंगदारी की मांग करता रहा है।
