देवघर :– विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम पूरी तरह शिवमय और केसरियामय नजर आया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवरिया श्रद्धालुओं की आस्था से पूरी बाबा नगरी “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रही। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका केसरिया वस्त्रधारी श्रद्धालुओं से पट गया।

अहले सुबह शुरू हुआ जलार्पण, अरघा सिस्टम से हुई सुचारु व्यवस्था:–अहले सुबह 04:15 बजे से बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने अरघा सिस्टम के माध्यम से सुव्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक किया। भक्तों की लंबी कतारों के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और सुचारु बनी रही।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद :–श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उपायुक्त सौरभ भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं बाबा मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

पहली सोमवारी पर 3.17 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक:–जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पांचवें दिन और पहली सोमवारी को कुल 3,17,494 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें बाह्य अर्घा से 2,05,236 तथा आंतरिक अर्घा से 1,12,258 श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पहली सोमवारी पर उमड़ी यह भीड़ श्रावणी मेले की भव्यता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *