देवघर:– झारखंड में JPSC, JSSC CGL एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को देवघर के शोभा कॉम्प्लेक्स होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष दुबे ने परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की।

भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे हैं गंभीर सवाल’:– भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने कहा कि सरकारी नियुक्तियों को लेकर लगातार उठ रहे सवालों ने राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि JSSC CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती और अब JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने पूरी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि वर्षों तक मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है।

CBI जांच सहित पांच प्रमुख मांगें रखीं:–भाजयुमो ने मांग की कि JPSC में कथित अनियमितताओं एवं सीटों की खरीद-फरोख्त के आरोपों की CBI जांच कराई जाए। साथ ही JSSC CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती से जुड़े विवादों की भी निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, आंदोलनरत छात्रों से संवाद स्थापित किया जाए तथा भविष्य की सभी सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

रितेश कुमार बोले— ‘छात्रों का भरोसा टूट रहा है:– प्रेस वार्ता में मौजूद JPSC प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) में सफल अभ्यर्थी रितेश कुमार ने भी सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों की मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन कथित अनियमितताओं के कारण उनका भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है तो सरकार को CBI जांच कराने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान धनंजय खवाड़े, विष्णु मंडल सहित भाजपा युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *