बांका :– प्रदीप कुमार (संवाददाता) शंभूगंज प्रखंड के पड़रिया पंचायत स्थित भिट्टी गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है। मंगलवार सुबह अकबरनगर स्टेशन के पास रेलवे पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से सुबोध मंडल और उनकी पत्नी पूनम देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल उनकी चार वर्षीय बेटी राधिका कुमारी ने इलाज के दौरान भागलपुर के जेएलएनएमसीएच में दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, सुबोध मंडल सोमवार शाम अपनी ससुराल अमरपुर प्रखंड के पाटकी गांव पहुंचे थे। मंगलवार को पत्नी और बेटी को इलाज के लिए लेकर भागलपुर जा रहे थे। इसी दौरान अकबरनगर स्टेशन पर रेलवे पटरी पार करते समय वे डाउन वर्दमान ट्रेन (53416) की चपेट में आ गए। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया, जबकि ग्रामीणों की भीड़ मृतक के घर पर जुट गई।

बताया जाता है कि सुबोध मंडल छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *