सहरसा :–शिवकुमार (संवाददाता) जिले में भूमि विवाद के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से विवादों के समाधान के लिए नियमित रूप से जनता दरबार लगाए जाने के बावजूद ऐसे मामलों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला बलवाहाट थाना क्षेत्र के खोजूचक सोनपुरा वार्ड नंबर-1 का है, जहां एक वृद्ध महिला ने जमीन पर अवैध कब्जा करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

खोजूचक सोनपुरा वार्ड नंबर-1 निवासी रेखा देवी, पति संजय कुमार भगत ने डीआईजी को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति अक्सर बीमार रहते हैं और उनके सभी बच्चे प्रदेश में रहते हैं। उन्होंने बताया कि मौजा खोजूचक, थाना संख्या-63, पुराना खेसरा संख्या 254 एवं नया खेसरा संख्या 464 में कुल 17 डिसमिल जमीन है। उक्त जमीन पर उनका घर और दरवाजा बना हुआ है तथा वह वर्षों से जमीन पर दखल-कब्जे में हैं।
दीवार तोड़कर घर बनाने का आरोप :–आवेदन में रेखा देवी ने आरोप लगाया है कि 9 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे जोगिंदर मेहता, पंकज कुमार मेहता समेत कुछ अज्ञात लोग उनकी पक्की दीवार तोड़कर उसी की ईंट से जमीन पर घर बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और मारपीट करने के लिए दौड़ने का आरोप है। वृद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने दोबारा जमीन पर आने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनके पति और बेटे को भी जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात आवेदन में कही गई है।
पहले भी पुलिस से की शिकायत:–रेखा देवी के अनुसार, मामले को लेकर वह बलवाहाट थानाध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक को कई बार आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग लगातार उनके परिवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
पीड़िता ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज भी आवेदन के साथ संलग्न किए गए हैं।
