सहरसा :– शिवकुमार (संवाददाता) शहर के नया बाजार स्थित नडियार रोड में पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को ‘द लर्निंग हब’ कोचिंग सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक डॉ. गौतम कृष्ण ने फीता काटकर संस्थान का उद्घाटन किया। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

द लर्निंग हब’ के संचालक राकेश रोशन को शिक्षा के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वे पूर्व में कोटा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे एनटीपीसी, विद्युत मंत्रालय और कोयला मंत्रालय से भी जुड़े रहे हैं।
संस्थान के संचालक राकेश रोशन ने बताया कि ‘द लर्निंग हब’ शुरू करने का मुख्य उद्देश्य बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उनके अपने राज्य में उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी कोटा सहित देश के अन्य शहरों का रुख करते हैं। ऐसे में संस्थान का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अपने परिवार के बीच रहकर ही उच्चस्तरीय शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षाओं के लिए तैयार करना नहीं है, बल्कि उनकी बुनियादी शैक्षणिक नींव को मजबूत करना, उन्हें सही दिशा देना और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। इससे विद्यार्थियों के अभिभावकों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
उद्घाटन समारोह में रणबीर सिंह, दिलीप सिंह, गुड्डू ठाकुर, अमित कुमार मुरारी, अविनाश झा, दीपक सिंह सहित कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने ‘द लर्निंग हब’ की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया।
संचालक राकेश रोशन ने कहा कि उनका लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूरी में राज्य से बाहर जाने की जरूरत को कम करना है। उनका प्रयास है कि विद्यार्थी अपने घर-परिवार के बीच रहकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करें और आगे चलकर समाज एवं बिहार के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
