सहरसा :–शिवकुमार (संवाददाता) कोशी क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 3 से 9 अक्टूबर 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 1,275.555 लीटर अवैध शराब, 283.65 किलोग्राम गांजा और 187.66 ग्राम स्मैक समेत भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए। इस दौरान शराब और सूखे नशे से जुड़े मामलों में कुल 105 लोगों को गिरफ्तार किया।  

पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा के अनुश्रवण में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कफ सिरप और नशीले इंजेक्शन भी बरामद:– पिछले सप्ताह की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 296 मिलीलीटर अवैध कफ सिरप और 58 मिलीलीटर नशीले इंजेक्शन भी बरामद किए। इसके अलावा नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले 12 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन और एक नाव को जब्त किया गया।

फरवरी से अब तक 2,343 तस्कर गिरफ्तार:–फरवरी 2026 में ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान की शुरुआत के बाद से अब तक पुलिस ने कोशी क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कुल 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4,317.491 लीटर अवैध कफ सिरप, 7,260.705 किलोग्राम गांजा और 8,284.552 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।

इसके अतिरिक्त 13,042 मिलीलीटर नशीले इंजेक्शन, 325 नशीली टैबलेट, एक पैकेट सिरिंज, दो विदेश निर्मित पिस्टल, एक अन्य पिस्टल, छह देसी कट्टा, एक देसी मस्केट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस जब्त किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 92 मोबाइल फोन, 35 चारपहिया वाहन, दो नाव, एक ट्रक, तीन पासबुक, एक एटीएम कार्ड, एक लोहे की भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने अवैध कारोबार से संबंधित 61 लाख 63 हजार 252 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की है। अभियान के तहत अब तक कुल 2,343 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी:–नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से पुलिस को सहयोग देने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया गया है।

आम लोग कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। सूचना देते समय संबंधित व्यक्ति का नाम, पता और अवैध कारोबार के स्थान की जानकारी दी जा सकती है। संभव होने पर फोटो और वीडियो भी भेजे जा सकते हैं।

पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय रखे जाएंगे। महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर विशेष उपलब्धि मिलने पर सूचना देने वाले व्यक्ति को डीआईजी, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित पुरस्कार भी दिया जा सकता है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोशी क्षेत्र को नशामुक्त बनाने और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *