देवघर: –झारखंड के देवघर एयरपोर्ट के विकास का सपना अब एक नए मुकाम पर पहुंचने जा रहा है। दिल्ली में हुई एक अहम बैठक में फैसला लिया गया है कि देवघर एयरपोर्ट का ऐतिहासिक विस्तार किया जाएगा। इसके तहत यहां 11,000 फीट लंबा नया रनवे और दो आधुनिक एयरोब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों की सुविधाओं और हवाई कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी।
अब तक एयरपोर्ट का टर्मिनल 4,000 स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में बना था, लेकिन विस्तार के बाद इसका आकार 12,000 स्क्वायर मीटर कर दिया जाएगा। इससे जहां यात्रियों को आरामदायक और हाईटेक सुविधाएं मिलेंगी, वहीं फ्लाइट्स की संख्या भी कई गुना बढ़ जाएगी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस विस्तार कार्य को जून 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद और गुवाहाटी जैसे बड़े शहरों से देवघर के लिए सीधी उड़ानों की योजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है।
सांसद निशिकांत दुबे की भूमिका : –गोड्डा लोकसभा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की निरंतर कोशिशों और संघर्षों का ही परिणाम है कि आज देवघर न सिर्फ एयरपोर्ट बल्कि देवघर एम्स (AIIMS) जैसी ऐतिहासिक सौगातों का भी गवाह बना है।
निशिकांत दुबे ने संसद से लेकर मंत्रालयों तक लगातार आवाज उठाई और देवघर के लिए एयरपोर्ट की सुविधा दिलाने में अहम भूमिका निभाई।इसी तरह उनकी मेहनत और अथक प्रयासों से देवघर में एम्स की स्थापना हुई, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार आया है।
अब एयरपोर्ट विस्तार की घोषणा से यह साफ है कि देवघर पूर्वी भारत का एक बड़ा एविएशन हब और हेल्थकेयर सेंटर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
