देवघर :– उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को मधुपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान लालगढ़ क्षेत्र के दोनों समुदायों के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं सुझाव उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि सरकार प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन असामाजिक तत्वों एवं गलत कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को किसी प्रकार की समस्या होती है तो वे सीधे उपायुक्त या पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त ने सभी से अफवाहों से दूर रहने एवं शांति बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज दोनों समुदायों के लोगों ने अपनी बातों को शांतिपूर्ण एवं सरल तरीके से रखा, जो सराहनीय है। प्रशासन के साथ-साथ सिविल सोसायटी एवं आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि मधुपुर क्षेत्र में अमन-चैन बना रहे।
उन्होंने आगे कहा कि देश का नागरिक होने के नाते हम सभी की जिम्मेदारी है कि नियमों का पालन करें। साथ ही युवा वर्ग से विशेष रूप से सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं जिम्मेदार तरीके से उपयोग करने की अपील करते हुए अपने भविष्य पर ध्यान देने की बात कही। उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों एवं दोनों समुदायों के स्थानीय लोगों से आपसी समन्वय बनाकर बैठक करने का भी आग्रह किया, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके और शांति व्यवस्था बहाल रहे।
वहीं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने कहा कि लालगढ़ में रहने वाले सभी लोग एक परिवार की तरह हैं और आपसी सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, झूठी अथवा आपत्तिजनक खबरें पोस्ट या शेयर करने वालों को चिन्हित कर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध है। उन्होंने सभी से अपील की कि पर्व-त्योहार के दौरान डीजे का उपयोग न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मधुपुर, अंचलाधिकारी मधुपुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
