देवघर: –देवघर पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लूट, छिनतई, गोलीबारी, मोबाइल चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई :–
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर रेलवे स्टेशन के पास कुछ बदमाश राहगीरों से छिनतई की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हुए हथियार और सामान:–
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, 1800 रुपये नकद तथा चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा:–
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने देवघर नगर, जसीडीह और मोहनपुर थाना क्षेत्रों में हुई गोलीबारी, लूट, छिनतई, मोबाइल चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम :–
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कुमार दास (25 वर्ष) और संजीव कुमार दास (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रिखिया थाना क्षेत्र के आसाही गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच भी जारी है।
