भागलपुर :–सुल्तानगंज में मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, एसएसपी प्रमोद कुमार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम पहुंची। अधिकारियों ने नमामि गंगे घाट, अजगैविनाथ मंदिर, गंगा घाट, मेला उद्घाटन स्थल, कृष्णगढ़ कांवड़िया धर्मशाला, फोरलेन पार्किंग, कच्ची कांवड़िया पथ तथा धांधीबेलारी कांवड़िया धर्मशाला का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
पूजा-अर्चना के बाद दिए आवश्यक निर्देश:–निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने अजगैविनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रावणी मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया।
विधायक ने उठाए कांवड़ियों की सुविधाओं के मुद्दे :–स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने कांवड़ियों के ठहराव, सुरक्षा, गंगा घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग रखी। जिला पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।
सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी विशेष व्यवस्था:–मीडिया से बातचीत में डीएम ने बताया कि इस बार पूरे शहर और गंगा घाटों को आकर्षक बैनर-पोस्टरों से सजाया जाएगा। पर्यटन विभाग की ओर से जर्मन हैंगर सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। श्रद्धालुओं के स्वागत और मनोरंजन के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नगर परिषद को मेला शुरू होने से पहले स्वच्छता और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम:–एसएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 13 अस्थायी थाने, घुड़सवार पुलिस, बाइक पेट्रोलिंग, पैदल गश्ती और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद:– निरीक्षण के दौरान अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी, कांग्रेस नेता विनय शर्मा, पंडा समाज के अध्यक्ष संजीव झा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
