देवघर: – श्री श्याम कीर्तन मंडल देवघर का 69वां वार्षिकोत्सव दूसरे दिन भक्ति, संगीत और उत्साह के चरम पर पहुंच गया। बाबा श्री श्याम प्रभु का मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कोलकाता से मंगाए गए फूलों और कुशल कारीगरों द्वारा बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर भक्त मंत्रमुग्ध नजर आए। बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और दरबार की चौखट पर माथा टेकते हुए भक्ति की अद्भुत अनुभूति महसूस की।
सुबह से ही बाबा के दरबार में भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हो गया। देवघर की गायिका प्रीति जी, सुश्री नेहा शर्मा एवं कुमारी जया, मधुपुर से आए रौनक जी तथा कोलकाता से आईं माही गर्ग जी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को श्याम भक्ति में सराबोर कर दिया।
मंडल की सहयोगी संस्था श्री श्याम सहारा परिवार, हिंद मोटर ने भी अनूठे अंदाज में बाबा को रिझाया। वहीं श्री श्याम मित्र मंडल कोलकाता और श्री श्याम सरोवर, बाबा की धरोहर की ओर से भक्तिमय कार्यक्रमों के साथ अमृत वर्षा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाबा के लाडले श्रेष्ठ दीक्षित ने अपनी विशेष प्रस्तुति से भक्तों को देर रात तक भक्ति रस में बांधे रखा। वहीं टाटानगर से आए अनुभव अग्रवाल ने भी भजनों के माध्यम से बाबा की महिमा का गुणगान किया।
इस बीच श्री श्याम भक्त मंडल भागलपुर के आगंतुक सदस्यों ने भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा वातावरण श्याममय हो गया। महिला श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए बाबा के लिए सवामणी महाप्रसाद लेकर श्री श्याम मंदिर पहुंचकर भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा पेश किया।
इसके बाद बाबा श्री श्याम को उनके प्रिय भोग खीर और चूरमा सहित सवामणी महाप्रसाद अर्पित किया गया। आयोजन में श्री श्याम मित्र मंडल हावड़ा, श्री श्याम सरोवर कोलकाता और श्री श्याम भक्त मंडल भागलपुर सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
देर रात तक चले इस भव्य कार्यक्रम में कानपुर से आए श्रेष्ठ दीक्षित ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को बांधे रखा। रात करीब 11 बजे पूर्णाहुति हुई। इससे पहले श्री श्याम कीर्तन मंडल के सदस्यों द्वारा बाबा की ओल्यू गाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में केवल मंडल के सदस्यों का ही नहीं, बल्कि देवघरवासियों और समाज के हर वर्ग के लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। इस सहयोग से पूरा मंडल परिवार उत्साहित है।
मंडल के अध्यक्ष श्री संजय बंका ‘गुड्डू’, सचिव अशोक सरावगी, कोषाध्यक्ष पंकज पचेरीवाला, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं सुनील अग्रवाल तथा वार्षिकोत्सव के संयोजक श्याम संथालिया, श्याम जालान और मनोज झांझरिया सहित सभी पदाधिकारी, सदस्य और कर्मचारियों ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसकी विस्तृत जानकारी श्री श्याम कीर्तन मंडल के सहसचिव सह मीडिया प्रभारी श्री अभिषेक सिंघानिया ने दी।
