पटना:– बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर आवास खाली नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
7 दिन में बंगला खाली करने का निर्देश:–भवन निर्माण विभाग की ओर से 22 जून 2026 को जारी नोटिस में कहा गया है कि राबड़ी देवी को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवास खाली करना होगा। विभाग ने इसे अंतिम अवसर बताते हुए चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना होने पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
39, हार्डिंग रोड पहले ही हो चुका है आवंटित:–नोटिस में कहा गया है कि राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद के नाते 39, हार्डिंग रोड, पटना स्थित सरकारी आवास पहले ही आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद वह अब भी 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही हैं।
10, सर्कुलर रोड अब मंत्री नंदकिशोर राम को मिला :·भवन निर्माण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। 27 मई 2026 को जारी आदेश के तहत यह आवास उनके नाम आवंटित हुआ, लेकिन बंगला खाली नहीं होने के कारण मंत्री अब तक उसमें प्रवेश नहीं कर सके हैं।
राबड़ी देवी को पहले भी भेजे जा चुके हैं कई नोटिस:·विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, राबड़ी देवी को इस आवास को खाली करने के लिए इससे पहले भी कई बार नोटिस और पत्र भेजे जा चुके हैं। 15 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल 2026, 29 मई 2026 और 3 जून 2026 को भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था, लेकिन अब तक आवास खाली नहीं किया गया।
भवन निर्माण विभाग ने दी कार्रवाई की चेतावनी : भवन निर्माण विभाग ने इस बार बिहार सरकारी परिसर (आवंटन, किराया, वसूली एवं बेदखली) (संशोधन) अधिनियम, 2024 की धारा 4(ख) का हवाला देते हुए कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर आवास खाली नहीं किया गया, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राबड़ी देवी ने एक महीने का समय मांगा था:– गौरतलब है कि इससे पहले राबड़ी देवी ने 16 जून को भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर बंगला खाली करने के लिए एक महीने का समय मांगा था। उन्होंने पत्र में कहा था कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उनके लिए अलग कमरे तथा आवश्यक सुविधाओं की जरूरत है। नई व्यवस्था होने के बाद बंगला खाली करने की बात भी उन्होंने कही थी।
अब इस पूरे मामले ने सियासी हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है। एक ओर भवन निर्माण विभाग आवास खाली कराने की प्रक्रिया को अंतिम चरण में ले गया है, तो दूसरी ओर राबड़ी देवी की ओर से समय बढ़ाने की मांग पहले ही सामने आ चुकी है।
