देवघर:– विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला– 2026 के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मेले से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश:–समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों के वरीय अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि मेले की शुरुआत से पहले सभी तैयारियां हर हाल में शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बिजली, सड़क, शौचालय और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर:–बैठक में बाबा मंदिर, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, परिवहन विभाग, भवन प्रमंडल, राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग, विद्युत विभाग, वर्क डिवीजन, पथ निर्माण विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को मेला क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, आवासन, पार्किंग, नाली और सड़क निर्माण से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता:–उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता चौबीसों घंटे बनी रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई:–बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि किसी विभाग द्वारा कार्यों में देरी या गुणवत्ता से समझौता किया गया तो संबंधित अधिकारी एवं अभियंताओं के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित:–बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, मंदिर प्रभारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
