देवघर :–जिले की कुंडा थाना पुलिस ने लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, टोटो, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार ई-रिक्शा बैटरी बरामद की हैं।
28 जून को हुई थी लूट की वारदात:– पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को बलिया चौकी क्षेत्र निवासी रामबालक राय ने कुंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 28 जून को योगीडीह स्थित डीएवी स्कूल इटवा नदी के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने सुनसान जगह पर उन्हें रोककर मारपीट की और उनका टोटो, मोबाइल फोन तथा नकदी लूट ली थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, लुट का सामान बरामद :–मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरीपुर निवासी सुमीत कुमार मंडल और लिलाम्बर मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया टोटो, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चार ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एसडीपीओ ने की कार्रवाई की पुष्टि :– देवघर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
