नई दिल्ली के ताज होटल में दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन शुरू, पहले दिन AI, डिजिटल गवर्नेंस और निवेश पर हुई व्यापक चर्चा।
नई दिल्ली/रांची:– नई दिल्ली के ताज होटल में 8 से 9 जुलाई तक आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेंट के पहले दिन झारखंड के समग्र विकास और विजन-2050 को लेकर व्यापक मंथन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश-विदेश से आए उद्योग जगत, टेक्नोलॉजी कंपनियों और नीति विशेषज्ञों के साथ राज्य के भविष्य की विकास रणनीति पर चर्चा की।
वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले दिन Google, Oracle, Microsoft, IBM सहित कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ डिजिटल फ्यूचर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, स्किलिंग और निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।इस दौरान झारखंड को तकनीक ,नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

‘सिर्फ Mines नहीं, Minds से होगी झारखंड की पहचान’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अब केवल अपनी खनिज संपदा के कारण नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान, नवाचार और मानवीय क्षमता के बल पर भी देश-दुनिया में नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान अब “सिर्फ Mines से नहीं, Minds से भी, सिर्फ Resources से नहीं, Research से भी और सिर्फ Extraction से नहीं, Innovation से भी” होगी।
निवेश के लिए मजबूत इकोसिस्टम पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेश को केवल उद्योग स्थापित करने तक सीमित नहीं मानती, बल्कि बेहतर नीतियों, विश्वसनीय आधारभूत संरचना, कुशल मानव संसाधन, तकनीक, पारदर्शी शासन और सतत विकास पर आधारित मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
दूसरे दिन पर्यटन और औद्योगिक निवेश पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कंसल्टेशन के दूसरे दिन पर्यटन और औद्योगिक निवेश पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे झारखंड में निवेश, रोजगार, इनोवेशन और आत्मनिर्भर विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
