देवघर : –भारत विकास परिषद (बैद्यनाथ धाम शाखा) द्वारा शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को स्थानीय दीनबंधु उच्च विद्यालय के रविंद्र सभागार में स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, सेवा और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री राज परिवार शामिल हुए।
स्वामी विवेकानंद की जन्मशती से जुड़ी है संगठन की स्थापना
कार्यक्रम में बताया गया कि भारत विकास परिषद की स्थापना वर्ष 1963 में स्वामी विवेकानंद की जन्मशती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सेवा के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में यह संगठन एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के रूप में पूरे देश में सेवा कार्यों का संचालन कर रहा है।
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान दीनबंधु उच्च विद्यालय के कक्षा 10 के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। छात्राओं में अंकिता कुमारी, माही भगत एवं वैष्णवी कुमारी तथा छात्रों में आदित्य राज, साहिल राज और आनंद मिश्रा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय को चार सीलिंग फैन किए गए भेंट
कार्यक्रम का संचालन विपेन्द्र झा ने किया, जबकि प्रो. अरविंद कुमार झा ने विषय प्रवेश कराया। संस्कार सचिव डॉ. राखी रानी ने स्वागत भाषण दिया तथा उनके सौजन्य से विद्यालय को चार सीलिंग फैन भेंट किए गए। शाखा अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
सेवा, संस्कार और संगठन विस्तार पर दिया गया जोर
वक्ताओं ने परिषद की छह दशकों की सेवा यात्रा पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य, दिव्यांग सहायता, समग्र ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण, एनीमिया मुक्त भारत और सामूहिक विवाह जैसे सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। साथ ही संगठन ने सातवें दशक में सदस्यता विस्तार, तकनीकी के अधिक उपयोग, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा देश के प्रत्येक जिला केंद्र तक शाखाओं के विस्तार का संकल्प दोहराया।
समारोह में प्रभात चरण मिश्रा, शंभुनाथ झा, नवगोपाल घोष, डॉ. निमाई चन्द्र गांधी, संदीप गोस्वामी, डॉ. चेतना भारती, बिजय पाण्डेय, दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्राचार्य काजल दा, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

