सहरसा: – शिव कुमार (संवाददाता) नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 स्थित रामफल साह टोला में सड़क पर सालभर जलजमाव और कीचड़ की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। सड़क पर हमेशा गंदा पानी जमा रहने के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है

जल निकासी नहीं होने से बिगड़े हालात
स्थानीय लोगों के अनुसार, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है। इससे सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और आसपास दुर्गंध फैली रहती है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान
मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क का ऊंचाईकरण कर पक्की सड़क बनाने की मांग की है।
समाजसेवी ने दी आंदोलन की चेतावनी
युवा समाजसेवी हन्नी चौधरी ने नगर आयुक्त, मेयर एवं वार्ड पार्षद से अविलंब पहल कर रामफल साह टोला में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को विवश होंगे।
