सहरसा:– शिव कुमार (संवाददाता) जिले के कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। डीआईजी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सहित दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

बिना वर्दी ड्यूटी करना पुलिसकर्मियों को पड़ा महंगा 

निरीक्षण के दौरान एएसआई अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मोहम्मद अली खान एवं मनोज कुमार थाना परिसर में बिना वर्दी के सादे लिबास में मिले। पूछताछ के दौरान तीनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीआईजी ने तत्काल निलंबन का आदेश दिया।

फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार के दिए निर्देश

डीआईजी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में रहने तथा थाने में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन पर भी जोर दिया।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा, अतिक्रमण हटाने का निर्देश

निरीक्षण के बाद डीआईजी ने एसडीपीओ, यातायात डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, पूरब बाजार रेल ढाला, तिवारी चौक, यादव चौक, कोशी चौक और पंचवटी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात सुचारु रखने की रणनीति बनाई गई।

अतिक्रमणकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

डीआईजी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने और सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों से भी बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed