दुमका: –आगस्टीन हेम्बरम (संवाददाता) जिले के मसानजोर स्थित झारखंड सरकार के सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (गेस्ट हाउस) में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराकर मौत की पुष्टि कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेज द दिया गया।

रांची के रहने वाले थे डॉ. शशि दिनकर मिंज
मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। वे रांची के बरियातू निवासी थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में पदस्थापित थे। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं।
दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे मसानजोर
जानकारी के अनुसार, डॉ. मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ शुक्रवार रात मसानजोर घूमने पहुंचे थे। सभी सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन के कमरा नंबर-1 और 2 में ठहरे हुए थे।
सुबह जगाने पहुंचे तो बेड पर मृत मिले
शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो उनका शरीर ठंडा पड़ा था और कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराने के बाद उन्हें मृत घोषित किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक के दोस्तों ने बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात सोने चले गए थे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सके।
