दुमका :- आगस्टीन हेम्बरम (संवाददाता ) जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलूडीह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने कथित रूप से अपनी ही 13 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग पर भी उसने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बेटी की पिटाई के दौरान हुआ विवाद
मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी (13 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक 68 वर्षीय सरजू मंडल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। उसी दौरान पास के खेत में मकई की कोड़ाई कर रहे सरजू मंडल ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया और आरोपी को रोकने की कोशिश की।

बीच-बचाव करने पर बुजुर्ग पर भी किया हमला
बताया जा रहा है कि बीच-बचाव से नाराज आरोपी ने सरजू मंडल पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed