दुमका :–आगस्टीन हेम्बरम (संवाददाता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले झारखंड के युवा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर देवगन मरांडी का रविवार को दुमका परिसदन में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में खेल प्रेमियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देवगन मरांडी का उत्साहवर्धन किया।
पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से हुआ स्वागत
कार्यक्रम के दौरान देवगन मरांडी का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें झारखंड का गौरव बताया।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं देवगन मरांडी
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देवगन मरांडी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी सफलता राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
सीमित संसाधनों में भी हासिल की अंतरराष्ट्रीय सफलता
कार्यक्रम में मौजूद अमरदीप हांसदा ने कहा कि देवगन मरांडी ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से विश्व स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
सम्मान से मिली नई ऊर्जा : देवगन मरांडी
सम्मान समारोह में देवगन मरांडी ने सभी आयोजकों, अतिथियों और दुमका के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा देश और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर अनिल सोरेन, अनिल बेसरा, ब्रजेंद्र सोरेन, प्रेम शिवमंगल, ईशाराज मुर्मू, ब्लेस एमैनुएल टुडू, सुधीर हेंब्रम, अजीत टुडू, जॉनी हेम्ब्रम, जॉन एम्मी सोरेन, लव सोरेन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
