देवघर:– जिला में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिंडोलावरण एवं सिमरजोरी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम ने तपोवन जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे नवनिर्मित अस्पताल के पास छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल्ल कुमार (33), भीम राय (20), जितेंद्र कुमार (36), लखन मांझी (25) और राहुल कुमार (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मोहनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 21.01 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 158/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क और इसके स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ लक्ष्मण प्रसाद, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कुमार, एसआई सुरेश कुमार सहित मोहनपुर थाना की पुलिस टीम, रिजर्व गार्ड और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
