अररिया :– अरुण कुमार (संवाददाता) जिले की जोकीहाट थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,911 लीटर विदेशी शराब से लदा एक टाटा-812 ट्रक जब्त किया है। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
टोल प्लाजा के पास वाहन जांच के दौरान हुई कार्रवाई
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-327 स्थित टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक टाटा-812 ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर ट्रक में सवार दो लोग वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक से बरामद हुई 1,911 लीटर विदेशी शराब
पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई कुल 1,911 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब से लदा ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वजीत मंडल एवं नानटू मंडल के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निवासी हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे शराब तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई की पुष्टि अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान की।
