धनबाद ,दीपक कुमार( संवाददाता):–जिला के पुटकी-बलिहारी क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे बीसीसीएल के पहले ‘कोल नीर प्रोजेक्ट’ का शनिवार को सीएमडी मनोज अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन वाटर बॉटलिंग प्लांट की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एक सप्ताह में होगा उद्घाटन:–निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) संजय सिंह तथा निदेशक (वित्त) राजेश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट का उद्घाटन अगले एक सप्ताह के भीतर किए जाने की तैयारी है।
आरओ तकनीक से तैयार होगा ‘कोल नीर’:–इस परियोजना के तहत खदानों से निकलने वाले भूमिगत पानी को अत्याधुनिक आरओ तकनीक से शुद्ध कर 250 मिलीलीटर, 500 मिलीलीटर और एक लीटर की बोतलों में पैक किया जाएगा। शुरुआत में इसका उपयोग बीसीसीएल के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में होगा।
बाजार में भी उतारने की तैयारी :–सीएमडी मनोज अग्रवाल ने बताया कि कोल इंडिया के अंतर्गत यह अपनी तरह का पहला ‘कोल नीर प्रोजेक्ट’ है। भविष्य में इसे आम बाजार में भी उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे सुरक्षित पेयजल के साथ बीसीसीएल की एक नई व्यावसायिक पहल को भी बढ़ावा मिलेगा।
भूमिगत जल के बेहतर उपयोग की दिशा में बड़ा कदम: बीसीसीएल का यह प्रोजेक्ट खदानों से निकलने वाले भूमिगत जल के संरक्षण और बेहतर उपयोग का उदाहरण बनेगा। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के सदुपयोग और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
