सहरसा :– शिव कुमार (संवाददाता) सहरसा जिला में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को नई गति मिली है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 205 टीबी मरीजों के बीच निक्षय मित्रों के सहयोग से फूड बास्केट एवं पोषण सहायता सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रेक्षागृह में किया गया, जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

डीएम ने जनभागीदारी पर दिया जोर:–कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा, पौष्टिक आहार और जनभागीदारी के माध्यम से ही टीबी मुक्त भारत का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार मरीजों को निःशुल्क इलाज के साथ पोषण सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

निक्षय मित्रों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी:– इस अभियान में रेड क्रॉस सोसाइटी, चेंबर ऑफ कॉमर्स, जिला व्यापार संघ और ज्योति विवेकानंद संस्थान सहित कई संस्थाओं ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन ने सभी सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित भी किया।

एआई चैटबॉट ‘खुशी’ करेगा मरीजों की निगरानी:–डीएम ने बताया कि निक्षय पोर्टल और एआई आधारित चैटबॉट “खुशी” के माध्यम से मरीजों की दवा, उपचार और पोषण संबंधी निगरानी की जा रही है। इससे मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और आम नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मुक्त सहरसा, बिहार और भारत के अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।

जिला व्यापार संघ अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने क्या कहा?

जिला व्यापार संघ अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने कहा कि व्यापार संघ हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में आगे रहा है। टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना एक मानवीय जिम्मेदारी है और भविष्य में भी निक्षय मित्र के रूप में संगठन का सहयोग लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *