धनबाद :–दीपक कुमार (संवाददाता) झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन के बाद धनबाद सहित पूरे राज्य में शोक की लहर है। मंगलवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर रांची से धनबाद के हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
83 वर्षीय मन्नान मल्लिक का मंगलवार सुबह रांची के पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
बुधवार को धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक आनंद महतो, कालीचरण, फूलचंद मंडल सहित कई जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने मन्नान मल्लिक के राजनीतिक जीवन, जनसेवा और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
परिजनों के अनुसार, पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक का अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर धनबाद के शमशेर नगर कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है।
