देवघर :– विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए झारखंड के स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देवघर, दुमका और जामताड़ा की तैयारियों की हुई समीक्षा :– बैठक में देवघर, दुमका और जामताड़ा सहित संबंधित जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं, कांवरिया पथ पर चिकित्सा सुविधाओं, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और प्रशासनिक समन्वय की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कांवरिया की स्वास्थ्य सुविधा रहेगी दुरुस्त:–स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु भगवान शिव का अतिथि है। उसकी सेवा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी श्रद्धालु को इलाज, सुविधा या सम्मान के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

228 डॉक्टर, 41 स्वास्थ्य संस्थान रहेंगे सक्रिय :– श्रावणी मेले के दौरान 228 डॉक्टरों और 400 से अधिक पारा स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सदर अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप-स्वास्थ्य केंद्र सहित 41 स्वास्थ्य संस्थान चौबीसों घंटे कार्यरत रहेंगे।

सदर अस्पताल में 100 और एम्स में 50 बेड आरक्षित:–सावन में श्रद्धालुओं के इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में 100 बेड तथा एम्स देवघर में 50 बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पतालों में इमरजेंसी, ट्रॉमा, आईसीयू, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और रेफरल सेवाओं को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाएगा। करीब 105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर नियमित अंतराल पर मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। यहां डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। साथ ही सामान्य एम्बुलेंस के अलावा बाइक एम्बुलेंस और टोटो एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।

 खाद्य पदार्थ व प्रसाद पेड़ा में मिलावटी पर सख्त कार्रवाई :–सावन में स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बाबा बैद्यनाथ धाम के प्रसिद्ध पेड़ा प्रसाद, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और स्ट्रीट वेंडरों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने तथा मिलावट पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।     

पेयजल, शौचालय और विश्राम स्थलों पर विशेष जोर: – मंत्री ने संबंधित विभागों को कांवरिया पथ पर स्वच्छ पेयजल, बालू बिछाने, पर्याप्त शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थल, दाल-भात सेवा केंद्रों की गुणवत्ता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जलजनित और खाद्यजनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाने को कहा।

फंड की कमी नहीं बनने देंगे बाधा’ :–डॉ. इरफान अंसारी ने सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि यदि किसी संसाधन की आवश्यकता हो तो तत्काल विभाग को प्रस्ताव भेजें। उन्होंने कहा कि फंड की कमी विकास और सेवा कार्यों में बाधा नहीं बनने दी जाएगी।

भावुक हुए स्वास्थ्य मंत्री, बोले- बाबा की सेवा करना सौभाग्य :· बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पिता, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी वर्षों से बाबा बैद्यनाथ धाम की सेवा करते रहे हैं। उन्हें भी बाबा की सेवा का अवसर मिला है, जो उनके जीवन का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि हर श्रद्धालु बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, सम्मान और मानवीय व्यवहार का अनुभव लेकर अपने घर लौटे।

जीरो टॉलरेंस ऑन हेल्थ इमरजेंसी’ पर सरकार का फोकस:– डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस ऑन हेल्थ इमरजेंसी’ की नीति पर कार्य कर रही है। लक्ष्य यह है कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में परेशानी न हो और झारखंड की व्यवस्थाएं पूरे देश के लिए मिसाल बनें।

बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, देवघर के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सभी संबंधित जिलों के सिविल सर्जन, जिला प्रशासन के अधिकारी व विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *