देवघर :–विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। मेला के शुभारंभ से पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुस्कर ने बी.एड. कॉलेज परिसर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से आए पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम जलार्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

सेवाभाव और अनुशासन के साथ करें ड्यूटी:–उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान विशेषकर पहली सोमवारी को लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

IMCR से 24 घंटे जुड़े रहें अधिकारी:–उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यस्थल का पूर्व निरीक्षण कर लें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल दें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी IMCR (इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम) से चौबीसों घंटे जुड़े रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

श्रद्धालुओं को मिले सुरक्षित और सुगम जलार्पण:–उपायुक्त ने कहा कि सभी का लक्ष्य यह होना चाहिए कि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित एवं सुगमता से बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण कराया जाए। कतार प्रबंधन बेहतर रहे और श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार चलता रहे, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

AI तकनीक से होगी मेले की निगरानी:– ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष मेले में आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए AI Chatbot, AI Feedback System, Face Recognition Camera, Head Count Machine, Heat Management System तथा Attendance System का उपयोग किया जाएगा।

भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस की विशेष तैयारी:–पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुस्कर ने कहा कि बाहर से आए सभी पुलिस अधिकारी एवं जवान स्थानीय परिस्थितियों से परिचित हो जाएं, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने बताया कि सभी ओपी एवं यातायात ओपी की कमान डीएसपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र की व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

पहली सोमवारी को लेकर विशेष दिशा-निर्देश:–उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा एवं अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने पहली सोमवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, समन्वय और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी।

ब्रीफिंग में कौन कौन अधिकारी रहे मौजूद:–ब्रीफिंग कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *