देवघर :– स्थानीय सत्संग हॉल्ट के समीप फ्लाईओवर के नीचे वरिष्ठ नागरिक क्लब, देवघर की ओर से हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त प्रधान जिला न्यायाधीश ए.पी. शर्मा, अवकाश प्राप्त आईएएस के.के. दास, वरिष्ठ नागरिक क्लब के संयोजक अशोक सिंह, विट्ठल भाई पटेल सहित शिक्षा जगत एवं विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने हिंदी भाषा के महत्व, उसके प्रचार-प्रसार और समाज में उसकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। सदस्यों ने हिंदी के वर्तमान स्वरूप और बदलते दौर में भाषा के सामने आ रही चुनौतियों को लेकर भी चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ी भाषा है। बदलते समय और तकनीक के दौर में हिंदी को बढ़ावा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तक ‘हाशिए पर हिंदी बनाम हाशिए का हस्तक्षेप’ अवकाश प्राप्त प्रधान जिला न्यायाधीश ए.पी. शर्मा एवं अवकाश प्राप्त आईएएस के.के. दास को भेंट की गई।
समारोह के अंत में वरिष्ठ नागरिक क्लब के सदस्य पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिंदी के प्रचार-प्रसार और सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह में वरिष्ठ नागरिक क्लब के संयोजक अशोक कुमार सिंह, अनिल पांडे, रामाशंकर सिंह, पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता, धनश्याम राय, शंभू प्रसाद सिंह, जगदीश यादव, राधिका रमण, राम चरण यादव, हराधर मंडल, नीलाम्बर मिश्रा, संत लाल साह, लख्खी कांत मांझी, अधिवक्ता मनोज मिश्रा, श्याम किशोर चौधरी, कुमार संजीव एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।
