दुमका :–आगस्टिन हेम्ब्रम (संवाददाता ) दुमका जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर शिकारीपाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसपी के निर्देश पर हाट-बाजार, बैंक, अस्पताल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था, जिसके दौरान यह सफलता मिली।

शिकारीपाड़ा क्षेत्र के कुशपहाड़ी हटिया से आरोपी गिरफ्तार:–15 जुलाई 2026 को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुशपहाड़ी हटिया में वाहन चोरी के संदेह में मिथुन मंडल उर्फ विशु मंडल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर कुशपहाड़ी हटिया से दो चोरी की बाइक बरामद की गईं।
रामपुरहाट से तीन और चोरी की बाइक बरामद :–आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित उसके ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से चोरी की तीन और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल पांच चोरी की बाइक पुलिस ने जब्त की हैं।
झारखंड और पश्चिम बंगाल से चोरी हुई थीं बाइकें :–पुलिस जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिलें दुमका मुफस्सिल थाना, नाला थाना, पश्चिम बंगाल के सिउड़ी थाना तथा धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। इस मामले में शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या-75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है :–गिरफ्तार आरोपी मिथुन मंडल उर्फ विशु मंडल (30 वर्ष), पिता सहदेव मंडल, ग्राम बामनीग्राम, मोचीपाड़ा, थाना रामपुरहाट, जिला बीरभूम (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह पहले भी पश्चिम बंगाल के कई थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई :–पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) दिलीप खालखो ने किया। टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा, गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत, आशीष कुमार भारद्वाज, मुनाजीर हसन, उदित बेदिया, संतोष कुमार, कुमोद यादव सहित शिकारीपाड़ा, नगर और गोपीकांदर थाना के पुलिसकर्मी एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
